करनैलगंज-गोण्डा । तहसील परिसर स्थित नायब तहसीलदार के सरकारी आवास के किचन से अत्यंत विषैला रसेल वाइपर सांप मिलने से शुक्रवार को हड़कंप मच गया। करीब ढाई फीट लंबा यह सांप पिछले तीन दिनों से रसोई में छिपा था, जिससे भोजन बनाने वाले कर्मचारियों में भय का माहौल बना हुआ था और वे रसोई में जाने से भी कतरा रहे थे।
सूचना मिलते ही तहसीलदार राहुल सिंह ने स्थानीय सर्प मित्र अरुण कुमार को बुलाया। मौके पर पहुंचे अरुण कुमार ने काफी मशक्कत के बाद सुरक्षित तरीके से सांप का रेस्क्यू किया। इसके बाद सांप को पास के जंगल में छोड़ दिया गया।
सर्प मित्र ने बताया कि रसेल वाइपर भारत के सबसे खतरनाक विषैले सांपों में शामिल है। ऐसे सांप के दिखने पर उसे पकड़ने का प्रयास नहीं करना चाहिए, बल्कि तुरंत विशेषज्ञ या वन विभाग को सूचना देनी चाहिए।
एसडीएम नेहा मिश्रा ने बताया कि नायब तहसीलदार बलराम शर्मा के आवास के किचन में सांप होने की सूचना मिलते ही तत्काल रेस्क्यू कराया गया। सांप को सुरक्षित हटाए जाने के बाद कर्मचारियों और अधिकारियों ने राहत की सांस ली।

