गोण्डा। थाना नवाबगंज क्षेत्र के इस्माइलपुर गांव निवासी कुतुब अली ने पुलिस अधीक्षक गोंडा को प्रार्थना पत्र देकर वजीरगंज थाना क्षेत्र के एक रिश्तेदार पर मोबाइल फोन के माध्यम से गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, कुतुब अली की पुत्री का विवाह लगभग डेढ़ माह पूर्व वजीरगंज थाना क्षेत्र के चंदापुर गांव में हुआ था। 23 जून 2026 को पहले त्योहार के अवसर पर वह अपनी बेटी को विदा कराकर अपने घर इस्माइलपुर ले आए थे। घर पहुंचने के कुछ समय बाद उन्हें सूचना मिली कि उनके दामाद ने आत्महत्या कर ली है।
आरोप है कि सूचना मिलने के बाद जब वह अपनी बेटी के साथ वापस चंदापुर जाने के लिए निकले, तभी मोबाइल नंबर 8957469794 से उनके फोन पर कॉल आई। कुतुब अली का कहना है कि कॉल करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को उनके दिवंगत दामाद का छोटा भाई बताते हुए गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग की है।

