गोण्डा। परसपुर थाना क्षेत्रांतर्गत ग्राम त्यौरासी के दो अलग अलग दुकानों के शटर का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों रुपए नकदी एवम् सामान पर हाथ साफ किया। एक तरफ प्रदेश में योगी सरकार चुस्त दुरुस्त कानून एवम् सुरक्षा व्यवस्था का तमाम दावा कर रही है, दुसरी तरफ परसपुर पुलिस की उदासीनता के चलते शटर काटकर चोरी जैसे संगीन अपराध में भी मुकदमा दर्ज़ करवाने में फरियादी के पसीने छूट रहे हैं। परसपुर थाना क्षेत्र के ग्राम त्यौरासी में 28 नवंबर की रात में बेखौफ चोरों ने दो दुकानों का ताला तोड़ दिया। दुकान के शटर के ऊपर लगे बिजली बल्ब को तोड़ते हुए शटर का ताला तोड़कर हार्डवेयर मोरंग की दुकान में रखा नकदी तकरीबन 2 लाख रुपए चोर उठा ले गए। बगल में गंगाराम कनौजिया के लोकवाणी सेंटर से भी शटर का ताला काटकर चोरों ने लैपटॉप, कैमरा, मेमोरी एवम् 65 सौ रुपए नगद चोर चुरा ले गए। लोकवाणी संचालक गंगा राम कनौजिया ने बताया कि सूचना पर मौके पर पहुंची यूपी डायल 112 पुलिस ने घटना की जानकारी ली। पीड़ित ने इसकी तहरीर पुलिस को दी। पीड़ित से पुलिस बार बार तहरीर बदलवाती रही, किंतु पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट अभी तक नहीं दर्ज किया। पीड़ित दो दिनों से थाने का चक्कर काट रहा है। बताया जाता है कि प्रदीप कुमार सिंह हार्डवेयर एवं मोरंग दुकानदार की एफआईआर दर्ज हो गई है जबकि लोकवाणी केंद्र संचालक गंगाराम से बार बार तहरीर बदलवाने के बावजूद उसकी एफआईआर अभी तक दर्ज नहीं हुई है। मामले में परसपुर थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सरोज ने दूरभाष पर बताया कि अभी दरोगा जी वहीं गये है। मैं थाने पर नहीं हूं। एफआईआर दर्ज हुई है या नहीं ये एक घंटे बाद बता पाऊंगा। चोरी जैसे प्रकरण में दो दिन बाद थानाध्यक्ष का इस प्रकार का बयान गैर जिम्मेदाराना प्रतीत होता है।

