कर्नलगंज-गोण्डा। किसी गांव में आवास व शौचालय की बौछार तो कहीं उस योजना की लाभार्थी ही नही हैं। 17 ग्राम पंचायतों में आवास योजना का लाभ पात्रों को नही मिला। जिसको लेकर मांग व ज्ञापन देकर अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट किया गया है। प्रधान संघ के प्रतिनिधि ने उपजिलाधिकारी को पत्र देकर जांच कराते हुये 17 ग्राम पंचायतों के आवास विहीन गरिबों को आवास का लाभ दिलाने की मांग की है। शुक्रवार को विकास खंड हलधरमऊ के प्रधान संघ अध्यक्ष प्रतिनिधि अरविंद शुक्ला ने उपजिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र दिया है। जिसमे कहा गया है कि ग्राम पंचायत नहवा परसौरा, मीनापुर, सोनवार, दत्तनगर, बसालतपुर व परसागोंड़री सहित ब्लॉक क्षेत्र की 17 ग्राम पंचायतों में आवास करीब 4 वर्ष पूर्व से एक भी आवास विहीन गरीब को आवास का लाभ नही मिल सका है। उन्होंने बताया कि कतिपय कारणों से इन ग्राम पंचायतो के आवास की सूची शून्य कर दी गई है। जिसे पुनः बहाल कराकर गरीबो को आवास दिलाने के लिये कई बार अधिकारियों से मिला जा चुका है मगर अभी तक कोई कार्रवाई नही हो सकी है। जिससे आवास विहीन गरीब आवास योजना से वंचित हैं। उन्होंने प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराकर कार्रवाई किये जाने की मांग की है। एसडीएम हीरालाल ने बताया कि बीडीओ हलधरमऊ को प्रकरण की जांच कर समस्या का निस्तारण कराने का निर्देश दिया गया है।

