इटियाथोक-गोण्डा। इटियाथोक पुलिस को बिजली विभाग के अवर अभियंता ने सहयोगी कर्मियों के संग संयुक्त हस्ताक्षर कर प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग उठाई है। दिए गए प्रार्थना पत्र में सुभागपुर पावर हाउस के जेई एल0एन0 यादव ने कहा है कि विभागीय निर्देश पर इन दिनों हर जगह डिस्कनेक्शन कैंप लगाया जा रहा है और विद्युत चोरों व बकायेदारों पर कार्रवाई करते हुए राजस्व की वसूली हो रही है। जेई ने तहरीर में कहा है कि उनकी टीम इटियाथोक थाना अंतर्गत कुकरिहा गांव में शुक्रवार को गई हुई थी। वही पर 2 लोगों के बकाए में कनेक्शन काटा गया तो, दोनों लोगों ने जेई सहित कर्मियों से विवाद कर लिया और जानलेवा हमला भी किया। साथ ही सरकारी काम में बाधा डालने लगे और 2 कर्मियों के मोबाइल फोन को उपरोक्त लोगों ने पटककर तोड़ दिया, जिसकी कीमत क्रमश 19000 और 12000 हैं। पुलिस को तहरीर देकर जेई ने आवश्यक कार्रवाई की मांग उठाई है। वही इटियाथोक थाना प्रभारी करुणाकर पांडेय ने बताया की प्रार्थना पत्र पर दोनों आरोपियों शमशेर शाह व अनवर के खिलाफ सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है।

