बलरामपुर- सादुल्लाह नगर। क्षेत्र में बन रहे अधिकांश आंगनबाड़ी केन्द्रों का निर्माण कार्य अधूरा छोड़ कार्यदायी संस्था फरार हो गई है। आंगनबाड़ी केन्द्र भवन का स्थानांतरण न होने से प्राथमिक विद्यालयों में संचालित होते हैं, जिस कारण नौनिहालों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
विकासखंड रेहरा बाजार के गूमाफातमाजोत, भगवानपुर, किरतापुर, कम्मरपुर, बसावन बनकट व किशुनपुर ग्रिंट आदि ग्राम पंचायतों में आरईएस विभाग से बन रहे आंगनबाड़ी केंद्र तीन साल से अधूरे हैं। कहीं पर छत ढालकर, तो कहीं दीवाल खड़ी करके कार्यदायी संस्था फरार हो गई है। आंगनबाड़ी केन्द्र भवन का अधिग्रहण न होने से यहां का कार्य प्राथमिक विद्यालय में किया जाता है, जिससे बच्चों की शिक्षा में बाधा उत्पन्न होती है। ग्रामीण नसीम, रमेश कुमार, मथुरा प्रसाद, अनिल कुमार, हबीब, लालता प्रसाद, राजू, मोहित, मिस्बाहुल खां, इरशाद व राजित कुमार आदि ने बताया कि तीन वर्ष बाद भी आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण पूरा नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि कई बार संबंधित लोगों से आंगनबाड़ी केन्द्र भवन का निर्माण पूरा कराने की मांग की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने आंगनबाड़ी केन्द्र भवन का निर्माण पूरा कराने की मांग की है। इस संबंध में उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा ने बताया कि आंगनबाड़ी केन्द्रों का निर्माण अधूरा होने का मामला संज्ञान में आया है। जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।

