( वर्तिका श्रीवास्तव )
आज हम आपके लिए भरवा करेला रेसिपी लेकर आए हैं। ज्यादातर लोग करेले की सब्जी का नाम सुनकर मुंह बिचका लेते हैं। पर अगर आप यह भरवा करेला खाएंगे, तो इस सब्जी के मुरीद हो जाएंगे। यही कारण है कि लोग हमसे अक्सर यह पूछते रहते हैं कि स्वादिष्ट भरवा करेला कैसे बनता है ? तो फिर सोच क्या रहे हैं, झटपट भरवा करेला बनाने की विधि ट्राई करें। हमें उम्मीद है कि भरवा करेला रेसिपी आपको पसंद आएगी।
भरवा करेला बनाने के लिये आवश्यक सामग्री-
| क्रम संख्या | नाम आवश्यक सामग्री | सामग्री मात्रा |
|---|---|---|
| 01 | करेला | 9-10 (छोटे साइज के) |
| 02 | प्याज | 02 नग (कटा हुआ) |
| 03 | सरसों का तेल | 04 बड़े चम्मच |
| 04 | धनिया पाउडर | 02 छोटे चम्मच |
| 05 | सौंफ पाउडर | 02 छोटे चम्मच |
| 06 | अमचूर पाउडर | 01 छोटा चम्मच |
| 07 | लाल मिर्च पाउडर | 1/2 छोटा चम्मच |
| 08 | हल्दी पाउडर | 1/2 छोटा चम्मच |
| 09 | जीरा | 1/2 छोटा चम्मच |
| 10 | हींग | 01 चुटकी |
| 11 | नमक | स्वादानुसार |
भरवा करेला रेसिपी -
- भरवा करेला रेसिपी के लिये सबसे पहले करेलों को ठीक से धो लें। इसके बाद उन्हें चाकू की मदद से खुरच कर छील लें। छीलन में 1/2 छोटा चम्मच नमक डाल कर मिला लें और 15 मिनट के लिए रख दें।
- छिले हुए करेलों को लम्बाई में एक ओर से इस तरह काटें, कि दूसरी ओर से वह जुड़ा रहे। चाकू की मदद से करेले के अंदर के बीज और गूदा पूरी तरह से निकाल दें। इसमें से बीज को अलग कर दें और गूदा को एक बाउल में रख लें।
- अब पिसा नमक लेकर करेलों के अंदर और बाहर की ओर लगा दें और 30 मिनट के लिए रख दें। इसके बाद इन्हें धो लें। साथ ही करेलों की छीलन को भी 2-3 बार पानी से धो लें।
- एक छोटी कढ़ाई में एक बड़ा चम्मच तेल डाल कर गरम करें। तेल गरम होने पर उसमें हींग और जीरा डालें और भून लें। इसके बाद तेल में कटा हुआ प्याज डालें और सुनहरा होने तक भूनें। प्याज भुनने के बाद कढ़ाई में हल्दी, धनिया और सौंफ पाउडर डालेें और हल्का सा चलाते हुए भून लें।
- अब कढ़ाई में करेले का गूदा, छीलन, लाल मिर्च पाउडर, अमचूर पाउडर और नमक डालें और चलाते हुए 6-7 मिनट तक भून लें। इसके बाद गैस बंद कर दें। इसके बाद मसाले को ठंडा कर लें और करेलों के अंदर समान रूप से भर दें।
- कढ़ाई में 3 बड़े चम्मच तेल डाल कर गरम करें। तेल गरम होने पर आंच कम कर दें। करेलों को कढ़ाई में संभाल कर रख दें और उसे ढ़क कर 5-6 मिनट पका लें। 5-6 मिनट के बाद ढ़क्कन खोलें और करेलों को पलट दें। अब आंच को मीडियम पर कर दें और ढ़क्कन बंद कर 5-6 मिनट और पका लें।
- 5-6 मिनिट के बाद ढ़क्कन हटा कर देखें। करेलों का जो हिस्सा सही से न सिका हो, उसे पलट कर नीचे कर दें। इसी तरह कम सिके करेले बीच में और ज्यादा सिके करेले किनारे कर दें और एक बार फिर उसी तरह से ढ़क कर सेंक लें।
- लीजिए, भरवां करेले बनाने की विधि कम्प्लीट हुई। अब आपके भरवां करेले तैयार हैं। इन्हें गर्मागरम रोटी, पराठा या फिर पूरी के साथ सर्व करें और आनंद लें।
आवश्यक सुझाव-
यदि आप भरवा करेला बनाने के लिए दिए गये तकनीकों को सीखते हैं, तो कृपया नीचे टिप्पणी करें, या दूसरों की मदद करने के लिए इस लेख को साझा करें।

