गोण्डा। जिलाधिकारी ने आवश्यक वस्तु जैसे सब्जी, फल, दूध एवं किराना की दुकानों का खोलने का समय सुबह 6 से 9 बजे तक निर्धारित किया है। जिलाधिकारी के इस निर्णय पर अखिल एकता उद्योग व्यापार मंडल ने इस निर्णय से होने वाली समस्याओं का हवाला देते हुए इसे बदलने की मांग की है। अखिल एकता उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष किशन राजपाल ने कहा कि सुबह 6 बजे व्यापारी, व्यापारी के यहां काम करने वाले दूरदराज के कर्मचारी एवं ग्राहकों सभी को पहुंचने में कठिनाई होती है। इसके अलावा दुकानदारों को थोक विक्रेताओं से सामान खरीदना व उसका भुगतान करना भी होता है। जबकि बगल के जनपद बलरामपुर में आवश्यक वस्तुओं की दुकानें खुलने का समय सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक किया गया है। इन सभी बातों को देखते हुए मैंने जिलाधिकारी महोदय से फोन पर निवेदन किया है कि यदि दुकान खोलने का समय 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक कर दिया जाए तो ज्यादा बेहतर होगा। जिलाधिकारी ने वर्तमान परिस्थितियों की पूरी जानकारी देते हुए हमारी बातों को गंभीरता पूर्वक संज्ञान लिया है एवं जल्द ही उचित कार्रवाई करने का आश्वासन भी दिया है।

