कर्नलगंज-गोण्डा। सोमवार से प्रारम्भ हुए 18 से 44 वर्ष की आयु वर्ग के कोविड वैक्सीनेशन में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र करनैलगंज में मात्र अव्यवस्थाओं का ही बोलबाला रहा। मौके पर तैनात पुलिसकर्मी भी निष्क्रिय दिखाई पड़े। गोण्डा जनपद में सोमवार से 18 से 44 वर्ष की आयु वर्ग के लोगों का कोरोना वैक्सीनेशन प्रारम्भ किया गया है। अपना रजिस्ट्रेशन कराने वाले लोग सोमवार की सुबह ही सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र करनैलगंज पहुंच गये थे लेकिन वहां पर व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं दिखाई पड़ी। लगभग ग्यारह बजे वैक्सीनेशन प्रारम्भ हुआ और लोगों की धक्का-मुक्की भी। सैकड़ों लोगों की भीड़ आपस में एक दूसरे से धक्का मुक्की कर रही थी और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी मूकदर्शक बनकर उसी भीड़ का हिस्सा बने हुए थे। भीड़ में सोशल डिस्टेंसिंग का तो कोई मतलब ही नहीं रह गया था, तमाम लोग बगैर मास्क के भी मौजूद थे। पुलिस कर्मी न तो ऐसे लोगों को देख रहे थे न लाइन आदि लगवा कर भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास कर रहे थे लेकिन सीएचसी के कर्मचारियों के उधर आने जाने पर उनसे अभद्रता अवश्य कर रहे थे। वैक्सीनेशन के दौरान कई बार हंगामा भी हुआ और अफरा तफरी भी मची लेकिन वहां मौजूद पुलिसकर्मियों पर कोई असर नहीं हुआ। इस संबंध में सीएचसी के अधीक्षक डॉ सुरेश चंद्रा ने बताया कि कुछ लोग बगैर रजिस्ट्रेशन कराये वैक्सीनेशन कराने के लिए आ गये थे जिससे कुछ अव्यवस्थायें हुईं। बाद में उन्हें समझा-बुझाकर वापस कर दिया गया।

