-चार दिन पहले बहलोलपुर बाजार में ई-रिक्शा ने मारी थी टक्कर।
गोण्डा। जनपद के थाना इटियाथोक क्षेत्र अन्तर्गत सिसई बहलोलपुर बाजार में 6 अगस्त को ई-रिक्शा की टक्कर से घायल हुए रविंद्र तिवारी उर्फ महंत (48) का लखनऊ में इलाज चल रहा था। बीती रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मृतक के पिता दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि 6 अगस्त की शाम करीब 8 बजे रविंद्र कुमार तिवारी उर्फ महंत बहलोलपुर बाजार में सड़क किनारे पटरी पर खड़े थे। इसी दौरान इटियाथोक की ओर से आ रही तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने उन्हें टक्कर मार दी और फिर अनियंत्रित होकर उनके ऊपर पलट गया। इस घटना में रविंद्र के सिर में गहरी चोट आई थी।
उन्हें तत्काल इलाज के लिए गोंडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। स्वास्थ्य में सुधार न होने पर चिकित्सकों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया था। जहां बीती रात इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।
रविंद्र अपने तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके दूसरे नंबर के भाई की भी एक साल पहले मौत हो चुकी है। रविंद्र के दो बेटे हैं, जिनमें बड़ा बेटा राज तिवारी स्नातक की पढ़ाई कर रहा है, जबकि छोटा बेटा अयोध्या में रहकर संस्कृत की शिक्षा ले रहा है।
प्रभारी निरीक्षक कमलाकांत त्रिपाठी ने बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है।

