गोण्डा। भारत सरकार द्वारा स्थापित भारतीय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. एन. पी. सिंहका 6 अगस्त 2026 (गुरुवार)को दोपहर 2 बजे फातिमा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, गोंडा में आगमन होगा। इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन रहेंगी । इस अवसर पर देवीपाटन मंडल के निजी विद्यालयों के प्रबंधकगण एवं शिक्षाविदों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी।
भारतीय शिक्षा बोर्ड के क्षेत्रीय समन्वयक बृज मोहन ने बताया कि बैठक में भारतीय शिक्षा बोर्ड की कार्यप्रणाली, राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी -2020) के प्रभावी क्रियान्वयन, भारतीय ज्ञान परंपरा आधारित शिक्षा, विद्यालयों की संबद्धता, गुणवत्तापूर्ण एवं संस्कारयुक्त शिक्षा तथा भविष्य की शैक्षिक संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। डॉ. एन. पी. सिंह उपस्थित प्रबंधकों के प्रश्नों एवं सुझावों पर भी विचार-विमर्श करेंगे।
इस बैठक में देवीपाटन मंडल के विभिन्न जनपदों के निजी विद्यालयों के प्रबंधक, प्रधानाचार्य एवं शिक्षा क्षेत्र से जुड़े गणमान्य व्यक्तियों की सहभागिता रहेगी। यह कार्यक्रम भारतीय शिक्षा बोर्ड की नीतियों एवं उद्देश्यों से विद्यालय प्रबंधन को सीधे अवगत कराने तथा शिक्षा के क्षेत्र में समन्वय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
आयोजकों ने देवीपाटन मंडल के सभी निजी विद्यालयों के प्रबंधकों से समय पर उपस्थित होकर बैठक को सफल बनाने का आग्रह किया है।

