गोण्डा। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या के दीक्षांत समारोह में मास्टर ऑफ सोशल वर्क (एमएसडब्ल्यू) में उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए हर्षित सिंह को गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया। विश्वविद्यालय की कुलाधिपति ने उन्हें गोल्ड मेडल प्रदान किया। सम्मान मिलने पर हर्षित सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि उनके लिए व्यक्तिगत सम्मान के साथ सामाजिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि समाज कार्य का उद्देश्य व्यक्ति, समूह और समुदाय को आत्मनिर्भर व सशक्त बनाना तथा सामाजिक न्याय एवं कल्याण की दिशा में कार्य करना है।
हर्षित सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और विश्वविद्यालय के शिक्षकों को दिया। उन्होंने कहा कि आगे वे जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों के साथ काम करने के साथ पर्यावरण, नदियों और वन्यजीवों के संरक्षण के क्षेत्र में भी सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने युवाओं से शिक्षा का उपयोग समाज और देशहित में करने की अपील की।
गोल्ड मेडल मिलने पर संतोष सिंह, ओंकार सिंह, ओमप्रकाश सिंह, कक्कू सिंह, सचिन सिंह, रोहित जायसवाल, अंकित सिंह, दिलीप सिंह, अभिषेक गोस्वामी, अखंड प्रताप सिंह, ज्ञान बहादुर सिंह और रवि प्रताप सिंह सहित परिवारजनों, मित्रों, सहकर्मियों व शुभचिंतकों ने प्रसन्नता जताई है।

