गोण्डा। आगामी चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को कौड़िया थाने में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी सदर जितेन्द्र गौतम एवं क्षेत्राधिकारी करनैलगंज आनन्द राय ने संयुक्त रूप से की।
बैठक में क्षेत्र के दोनों समुदायों के सम्मानित नागरिकों, ताजियेदारों तथा जनप्रतिनिधियों से त्योहार के दौरान आने वाली संभावित समस्याओं एवं आवश्यक सुझावों की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने सभी पक्षों की बात गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
क्षेत्राधिकारी आनन्द राय ने कहा कि चेहल्लुम का पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक है। उन्होंने सभी से जुलूस के दौरान शांति, अनुशासन एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। वहीं उपजिलाधिकारी सदर जितेन्द्र गौतम ने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा किसी भी समस्या की सूचना तत्काल पुलिस प्रशासन को दें।
बैठक में प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र सिंह, निरीक्षक अपराध राधेश्याम यादव, प्रधान रिंकू मिश्रा, इरशाद हुसैन, उपनिरीक्षक प्रमोद सिंह, उपनिरीक्षक अमरजीत सोनकर, कांस्टेबल महेन्द्र पांडेय, उमेश यादव, राजेश मौर्य सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं ताजियेदार उपस्थित रहे।

