करनैलगंज-गोण्डा। बुकिंग पर कार भेजने का झांसा देकर मारुति ईको कार हड़पने और फर्जी पहचान के सहारे उसे बेच देने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई और वाहन बरामद कराने की मांग की है। कुंवरपुर अमरहा निवासी राकेश ने बताया कि उन्होंने थाना कटरा बाजार क्षेत्र के शिवम गोस्वामी से मारुति ईको कार खरीदी थी। 25 जून को गांव के ही एक व्यक्ति ने सलमान निवासी गोमतीनगर, लखनऊ के माध्यम से कार को बुकिंग पर भेजने की बात कहकर वाहन ले लिया। कुछ समय बाद फास्टैग के संदेशों से पता चला कि कार बताए गए मार्ग के बजाय दूसरे जिलों में घूम रही है। पूछताछ करने पर वाहन वापस करने का आश्वासन मिलता रहा, लेकिन तीन सप्ताह बाद भी कार नहीं लौटी। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने आधार कार्ड में नाम संशोधित कर स्वयं को शिवम गोस्वामी बताकर कार करीब तीन लाख रुपये में बेच दी। कोतवाली में तहरीर देने के बावजूद कार्रवाई न होने की शिकायत है। प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जल्द ही वाहन बरामद कर आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।

