गोण्डा। थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती ने सिरसा गांव निवासी एक महिला कंटेंट क्रिएटर पर उसकी फोटो मॉर्फ (एडिट) कर सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने नवाबगंज थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता का कहना है कि करीब तीन माह पहले सिरसा गांव निवासी प्रियंका शर्मा से उसका विवाद हुआ था। आरोप है कि उसी रंजिश के चलते प्रियंका शर्मा, जो सोशल मीडिया पर कंटेंट क्रिएटर के रूप में सक्रिय है, उसकी तस्वीर को गलत तरीके से एडिट कर विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित कर रही है। इससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है और उसे मानसिक रूप से भी परेशान होना पड़ रहा है।
युवती ने तहरीर में आरोप लगाया है कि फोटो के साथ छेड़छाड़ कर उसे इस तरह वायरल किया गया है, जिससे लोगों के बीच उसकी छवि खराब हो रही है। उसने मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि मामले की तहरीर प्राप्त हुई है। शिकायत के आधार पर जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

