गोण्डा । अंतर विद्यालय शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन रविवार को संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना के साथ सामूहिक प्राणायाम, भावातीत ध्यान एवं योगिक फ्लाइंग अभ्यास से किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान वरिष्ठ शिक्षक श्री सुरेश नारायण द्विवेदी ने उपस्थित प्रशिक्षुओं का स्वागत करते हुए प्रशिक्षण के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। इसके बाद प्रधानाचार्य एवं प्रशिक्षक श्री विनय कुमार मिश्र ने प्रशिक्षण के विभिन्न सत्रों का संचालन किया।
कार्यक्रम में प्रशिक्षक श्री रेश चोहान ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) विषय पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एआई वर्तमान समय में शिक्षा, रोजगार और तकनीकी क्षेत्र में तेजी से अपनी भूमिका निभा रहा है। साथ ही शिक्षकों को एआई के उपयोग, उससे मिलने वाले अवसरों तथा भविष्य में शिक्षा व्यवस्था में उसके महत्व के बारे में विस्तार से अवगत कराया। उन्होंने यह भी बताया कि आधुनिक तकनीकों के माध्यम से शिक्षण कार्य को अधिक प्रभावी एवं रोचक बनाया जा सकता है।
समापन सत्र में प्रतिभागियों द्वारा प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त अनुभव साझा किए गए तथा समूह प्रस्तुतियां दी गईं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित कर प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य श्री विनय कुमार मिश्र ने सभी प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों के ज्ञान एवं कौशल को निरंतर विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। धन्यवाद ज्ञापन के साथ तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।

