मनकापुर गोण्डा। जिला बदर आदेश की खुलेआम अवहेलना कर अपने घर में रह रहे एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। आरोपी छह माह के लिए जनपद से निष्कासित किया गया था, लेकिन इसके बावजूद वह जिले की सीमा के भीतर पाया गया।
पुलिस के अनुसार बैरीपुर रामनाथ निवासी सुनीश मिश्र को जिलाधिकारी के आदेश पर 16 मई 2026 को छह माह के लिए जनपद से जिला बदर किया गया था। शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने घर पर मौजूद है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी जनपद की सीमा में रहने का कोई वैध कारण नहीं बता सका। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम की धारा-10 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।
थानाध्यक्ष गौरव सिंह तोमर ने बताया कि जिला बदर आदेश का उल्लंघन करने पर आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया गया है।

