करनैलगंज-गोण्डा। गोंडा-लखनऊ हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले पांच मृतकों के परिजनों को शीघ्र सरकारी आर्थिक सहायता दिलाने के लिए प्रशासन ने प्रक्रिया तेज कर दी है। उपजिलाधिकारी नेहा मिश्रा के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम आवश्यक अभिलेख जुटाने और पत्रावली तैयार करने में जुट गई है।
एसडीएम ने बताया कि सहायता राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी, इसलिए प्रभावित परिवारों को बैंक खाते खुलवाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि हादसे में प्रभावित कुछ परिवार अत्यंत आर्थिक रूप से कमजोर हैं। कई परिवारों में दो-दो सदस्यों की मृत्यु हुई है, जबकि उनके पास जीविका का कोई स्थायी साधन नहीं है। किसी के पास केवल तीन बिस्वा तो किसी के पास एक बीघा भूमि ही उपलब्ध है। ऐसे परिवारों की वास्तविक आर्थिक स्थिति का आकलन करने के लिए खतौनियों की जांच कराई जा रही है।
प्रशासन द्वारा सहायता स्वीकृत कराने के लिए मृत्यु प्रमाण पत्र, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, पुलिस रिपोर्ट, आधार कार्ड सहित अन्य जरूरी दस्तावेज एकत्र किए जा रहे हैं। एसडीएम ने बताया कि ग्राम तरहटा निवासी संजय कुमार तिवारी तथा भालियनपुरवा निवासी हसन मोहम्मद, शाकिर अली, गुलशन और अंशुमान के परिजनों को कृषक दुर्घटना बीमा योजना के अंतर्गत आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी। प्रशासन का प्रयास है कि सभी पात्र परिवारों को जल्द राहत उपलब्ध कराई जाए।

