गोण्डा। जनपद के खरगूपुर थाना क्षेत्र के भोलाजोत गांव के मजरे भयकपुरवा में शुक्रवार की देर रात एक बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। बुजुर्ग के गला, कान व नाजुक अंगों पर चोट के निशान मिले हैं। परिवार वालों को मौत का पता शनिवार की सुबह तब चला, जब वह सोकर उठे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेजा है।
खरगूपुर थाना क्षेत्र के भयकपुरवा भोलाजोत गांव निवासी राम बुझारत गोस्वामी (65) की शुक्रवार की रात सोते समय संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। उसके पुत्र विनोद कुमार गोस्वामी ने बताया कि दोनों भाई लुधियाना में रहते हैं। उनके पिता और माता दुखना घर पर रहते हैं। गांव में दो घर बना है। एक पुराना घर है। पुराने घर के पास खेत है। उसकी रखवाली के लिए पिता राम बुझारत अकेले पुराने घर पर रहते थे। शुक्रवार रात चारपाई पर सो रहे थे कि रात में उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। घटना के सम्बन्ध में विनोद ने बताया कि उसकी मां दुखना ने फोन पर पिता के हत्या की सूचना दी। तब वह लुधियाना से गोंडा पहुंचा। शव को देखा तो शरीर पर चोट के कई निशान मिले। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। प्रभारी थानाध्यक्ष अखिलेश यादव ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। वहीं, विनोद ने बताया कि वह और उसके भाई लुधियाना में रहकर खुद का कारोबार करते हैं। गांव में कुछ लोगों से जमीन का विवाद चल रहा है। जिसको लेकर पहले भी विवाद हो चुका था।

