-लोहे की ढाबली में यदि है मेडिकल स्टोर तो होगी कार्यवाही-रजिया बानो
गोण्डा। एक तरफ जहाँ सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ द्वारा अनियमितता करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही किए जाने का आदेश पारित किया जा रहा है वहीं दूसरी तरफ औषधि निरीक्षक की निष्क्रियता के चलते जनपद के कोने कोने में मानक विहीन अवैध मेडिकल स्टोर का धंधा जोरों से फल फूल रहा है। विकासखण्ड इटियाथोक स्थित सीएचसी गेट के सामने ही लोहे की ढाबली में अजय मेडिकल स्टोर संचालित हो रहा है। उससे आगे बढ़ने पर परसिया में कादिर व द्विवेदी नामक मेडिकल स्टोर मात्र 04 से 05 फिट चौड़ी दुकान में संचालित हो रहा है। उससे आगे बढ़ने पर अयाह बाजार में करीब 02 अवैध मेडिकल स्टोर संचालित हो रहे हैं। विकास खण्ड मुजेहना कार्यालय के सामने सेवा मेडिकल स्टोर व उससे आगे रामनगर बाजार में बगैर बोर्ड,सीसीटीवी कैमरा व फ्रीज के ही मेडिकल स्टोर संचालित किए जा रहे हैं। आम जनमानस में चर्चा है कि सभी विकासखंडों में चुनिंदा दलालों की नियुक्तियां की गई है जिनके द्वारा अवैध मेडिकल स्टोरों से प्रतिमाह वसूली कर संबंधित तक लिफाफा पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। यदि कोई भी क्षेत्रवासी अवैध मेडिकल स्टोरों की शिकायत करता भी है तो जांच टीम पहुंचने से पहले अवैध मेडिकल स्टोर के स्वामियों को सूचित कर दिया जाता है। जब जांच टीम पहुंचती भी है तो उसे सब कुछ बन्द दिखता है और वह बैरंग वापस लौटकर कागजी कोरम पूरा कर लेते हैं। इतना ही नही आरटीआई के तहत अगर कोई मेडिकल स्टोरों के बारे जानकारी लेना चाहता है तो औषधि निरीक्षक द्वारा बेवसाईट लिखकर दिया जाता है कि खोल कर चेक कर लो। कईयों ने बताया कि बगैर पासवर्ड व आईडी के बेवसाईट खुलता ही नही है विभाग द्वारा आवेदन कर्ताओं को गुमराह किया जा रहा है।
जिलाधिकारी उज्ज्वल कुमार द्वारा 25 अगस्त 2022 को निर्देशित किया गया था कि सभी मेडिकल स्टोरों पर सीसीटीवी कैमरा लगवाए जांय परन्तु न जाने किस लगाव अथवा दबाव के चलते ड्रग इंस्पेक्टर रजिया बानो द्वारा अभी तक न तो मेडिकल स्टोरों की जांच किया गया और न ही सीसीटीवी कैमरा ही लगवाया गया। जानकारी लेने पर औषधि निरीक्षक रजिया बानो ने बताया कि करीब सभी मेडिकल स्टोरों पर सीसीटीवी कैमरा लग गया है उसकी पत्रावली बना रही हूँ साथ मे यह भी कहा कि लोहे की ढाबली में मेडिकल स्टोर नही चल सकता जब मानक पूंछा गया तो उन्होंने कहा अभी व्यस्त हूँ। जमीनी हकीकत तो यह है कि मीडियाकर्मियों द्वारा कवरेज के दौरान किसी भी दुकानों पर सीसीटीवी कैमरा,फ्रीज व फार्मासिस्ट मौजूद नही मिले।

