कर्नलगंज-गोण्डा। पिछले 15 सालों से लगातार रेलवे क्रॉसिंग पर घण्टों तक इंतजार करने की परंपरा खत्म नहीं हो सकी है। नेता हो या अधिकारी, गोंडा से लखनऊ के बीच व करनैलगंज क्षेत्र में पढ़ने वाली चार रेलवे क्रॉसिंगें लोगों के लिए जटिल समस्या बन चुकी है। जिस में दो रेलवे क्रॉसिंगों पर ओवरब्रिज या फ्लाईओवर बनवाने की मांग लगातार चली आ रही है मगर नेता और अधिकारी इसे नजरअंदाज कर रहे हैं। यह समस्या चुनाव का मुद्दा भी बन चुकी थी। करनैलगंज से हुजूरपुर रोड पर रेलवे क्रॉसिंग तथा जहाँगीरवा क्रासिंग हर रोज काफी देर देर तक बंद रहती है। इससे क्रासिंग के दोनों ओर जाम की स्थिति बन जाती है। हुजूरपुर रोड की क्रासिंग करनैलगंज तो जहाँगीरवा रेलवे क्रासिंग सरयू स्टेशन से लगी हुई हैं। जहां ट्रेन निकल जाने के बाद भी काफी देर तक क्रासिंग का बन्द रहना लोगों की मुख्य समस्या बन गई है। राहगीर और दोपहिया वाहन चालक क्रासिंग बंद होने के बावजूद गेट के नीचे से निकलते हैं। जिससे हादसों का डर बना रहता है। पिछले 5 साल में रेलवे क्रॉसिंग व रेलवे लाइन पार करते समय डेढ़ दर्जन से अधिक लोग अपनी जान गवां चुके हैं। हुजूरपुर रोड की रेलवे क्रॉसिंग पर फ्लाईओवर शहर की मुख्य जरूरत में शामिल है। पुल के अभाव में रेलवे ट्रैक पर कई लोगों की जान जा चुकी हैं। करनैलगंज रेलवे स्टेशन के पास हुजूरपुर रोड रेलवे क्रॉसिंग शहर व ग्रामीण इलाकों के दो हिस्सों को आपस में जोड़ती है। रेलवे स्टेशन के उस पार छतईपुरवा, भिम्भापुरवा, बाबू पुरवा सहित हुजूरपुर बस स्टाप व कई आवासीय कालोनियां हैं। शहर से जुड़े होने के चलते यहां के लोग हर रोज शहर आते जाते हैं। साथ ही करनैलगंज हुजूरपुर रोड सीधे बहराइच जनपद को जोड़ने का काम करती है। यहां आने वाले ट्रक और अन्य माल वाहक वाहन सहित प्रतिदिन तमाम अन्य वाहन व लोग क्रॉसिंग से गुजरते हैं। जिससे यहां हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है। इतनी व्यस्त क्रॉसिंग पर फ्लाईओवर बनाने की मांग कई वर्षो से की जा रही है। शहर के के कई व्यापारिक और सामाजिक संगठन मुख्यमंत्री, सांसद और विधायक सहित रेल मंत्री से फ्लाईओवर की मांग कर चुके हैं। इधर से आने जाने वाले व यहां के निवासियों का कहना है कि हर चुनाव में यह समस्या उठाई जाती है, मगर ओवरब्रिज के निर्माण सम्बन्धी कोई प्रगति नही है। लगातार फ्लाईओवर की मांग जारी है।

