गोण्डा। जनपद के तरबगंज थाना क्षेत्र के रामापुर में तहसील के पीछे रविवार को अधेड़ का शव नदी में मिला। वह शौच के लिए नदी के किनारे गया था। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। परिजनों ने बताया कि सूर्य लाल (55) सुबह शौच के लिए गए थे। लेकिन दोपहर तक घर नहीं लौटे। जिसके बाद खोजबीन शुरू हुई किंतु पता नहीं चल सका। दोपहर बाद किसी ग्रामीण ने नदी में उसका शव देखा। थोड़ी देर में परिजनों को भी इसकी जानकारी हुई। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में शव नदी से बाहर निकाला गया। थानाध्यक्ष मनोज पाठक ने बताया कि शव को पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।

