इटियाथोक-गोण्डा। महिला को प्रसव के लिए सीएचसी ले जाने के दौरान पीड़ा बढ़ने पर एंबुलेंस में ही तत्परता दिखाते हुए स्वास्थ्य कर्मियों ने सुरक्षित प्रसव करा दिया। बाद में जच्चा व बच्चा को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इटियाथोक कोतवाली क्षेत्र के खिरौरा शहबाज गांव निवासी दीपचंद की पत्नी मोहिनी को सोमवार सुबह प्रसव पीड़ा होने लगी।इस पर जानकारी डायल 108 एंबुलेंस को दी गई। सूचना पर कुछ ही देर में ईएमटी ज्ञान चंद्र तिवारी व पायलट अनिल कुमार एंबुलेंस लेकर गांव पहुंच गए और महिला को लेकर इटियाथोक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाने लगे। बताया जाता है, कि रास्ते में ही महिला को प्रसव पीड़ा बढ़ गई। इस पर एंबुलेंस को सड़क के किनारे खड़ा कर दिया गया। ईएमटी ज्ञान चंद्र तिवारी व पायलट ने आशा बहू पद्मावती के सहयोग से सुरक्षित प्रसव कराया। इसके बाद जच्चा व बच्चा को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

