गोण्डा। कई दिनों से ट्रांसफार्मर जलने व विद्युत आपूर्ति में आ रही बाधा से आजिज ग्रामीणों के द्वारा विद्युत उपकेंद्र आर्य नगर के कर्मचारियों की कार्यशैली के विरुद्ध प्रदर्शन कर ट्रांसफार्मर बदलने की मांग की गई है। प्रकरण विकासखंड रुपईडीह के ग्राम पंचायत भुड़कुड़ी से जुड़ा है जहां पर लगा 25 केवीए ट्रांसफॉर्मर के जलने से करीब 2 दर्जन घरों में विद्युत आपूर्ति 3 दिनों से बाधित है। इस संबंध में ग्रामीणों के द्वारा कई बार उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है लेकिन उच्चाधिकारियों की लेटलतीफी व उदासीनता के चलते लोग काफी परेशान हैं। ग्राम पंचायत के ही विद्या प्रकाश तिवारी के नेतृत्व में ग्रामीणों के द्वारा ट्रांसफार्मर बदलने के लिए प्रदर्शन किया गया तथा शीघ्र ही बिजली कर्मियों से ट्रांसफार्मर बदलकर आपूर्ति बहाल करने की मांग की गई है। प्रदर्शन करने वालों में विद्या प्रकाश तिवारी, अन्नू तिवारी, अतुल कुमार तिवारी, रामजन्म तिवारी, सीताराम, रामकुमार वर्मा, जगन्नाथ प्रसाद, देवीदीन सहित तमाम ग्रामीण मौजूद रहे।

