( वर्तिका श्रीवास्तव )
आज हम आपके लिए दाल का दूल्हा रेसिपीलाए हैं। दाल का दूल्हा दाल से बनने वाला एक पारम्परिक व्यंजन है, जो उत्तर भारत खासकर उत्तर प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में प्रचलित है। कुछ जगहों पर इसे दाल की दुल्हन भी कहते हैं। यह बेहद स्वादिष्ट होता है और आसानी से बन भी जाता है। यह एक जीरो ऑयल रेसिपी है और सेहत के लिए भी फायदेमंद होती है। इसीलिए नॉर्थ इंडियन फूड के शौकीन लोग हमसे अक्सर पूछते रहते हैं। तो सोच क्या रहे हैं, झटपट दाल का दूल्हा बनाने की विधि नोट करें और आज ही ट्राई करें। यकीन करें आपको दाल का दूल्हा रेसिपी जरूर पसंद आएगी।
दाल का दूल्हा के लिए आवश्यक सामग्री-
| क्रम संख्या | नाम आवश्यक सामग्री | सामग्री मात्रा |
|---|---|---|
| 01 | अरहर की दाल | आवश्यकतानुसार |
| 02 | गेहूं की मोटी रोटियां | 06 नग |
| 03 | हल्दी | 02 छोटे चम्मच |
| 04 | तेल | 02 छोटे चम्मच |
| 05 | जीरा | 1/2 छोटा चम्मच |
| 06 | देशी घी | आवश्यकतानुसार |
| 07 | नमक | स्वादानुसार |
दाल का दूल्हा बनाने की विधि -
- दाल का दूल्हा रेसिपी के लिए लगभग तीन लोगों के खाने भर की दाल उचित पानी डालकर कुकर में मीडियम आंच पर पकाएं। एक सीटी होने पर कुकर को उतार लें।
- इसके बाद थोडा टाइट से हुए आटे से मनचाहे आकार में गेहूं की मोटी किन्तु छोटी रोटियाँ बना लें। आप चाहें तो चित्र में दिखाई गयी डिजाइन में रोटियों को आकार दे दें और उन्हें बिना सेके कुकर में डाल दें।
- साथ ही हल्दी और स्वादानुसार नमक मिलाकर कुकर में एक सीटी और लगा दें। यदि दाल को गाढी बनाना चाहें, तो कुकर में दाल डालते समय उसमें थोड़े से चावल भी मिला सकते हैं।
- अब एक पैन में तेल गर्म करके उसमें जीरा डाल दें। जीरा भुन जाने पर पैन के तेल को कुकर में डाल कर छौंक लगाएं।
- लीजिए, दाल का दूल्हा बनाने की विधि कम्प्लीट हुई। आपका स्वादिष्ट दाल का दूल्हा तैयार है। इसे थाली या कटोरी में निकालें और ऊपर से देशी घी डालकर परसें। यदि इसे आलू के भर्ते के साथ खाया जाए, तो इसका आनंद कई गुना बढ़ जाता है।
आवश्यक सुझाव-
यदि आप दाल का दूल्हा बनाने के लिए दिए गये तकनीकों को सीखते हैं, तो कृपया नीचे टिप्पणी करें, या दूसरों की मदद करने के लिए इस लेख को साझा करें।

