गोण्डा। आबकारी विभाग की ओर से आवंटित बाबागंज की अंग्रेजी शराब की दुकान को गुरुवार देर शाम को आबकारी टीम ने सील कर दिया है। आबकारी टीम ने यह कार्यवाही लाइसेंसी के एक आपराधिक मामले में जेल जाने पर की है। आबकारी टीम ने लाइसेंसी के प्रतिनिधि को नोटिस रिसीव कराकर जवाब तलब किया है। जिला आबकारी अधिकारी उमेश चन्द्र पांडेय ने बताया कि जनपद के धानेपुर थाना क्षेत्र के बाबागंज बाजार में आबकारी विभाग ने राम प्रकाश वर्मा को अंग्रेजी शराब की दुकान का आवंटन किया था। दुकान का लाइसेंस मिलने के बाद रामप्रकाश वर्मा दुकान का संचालन कर रहा था। मगर हाल ही में रामप्रकाश वर्मा को बलरामपुर जनपद के उतरौला कोतवाली पुलिस ने एक आपराधिक मामले मेें एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया था। पुलिस ने रामप्रकाश को अदालत के समक्ष पेश किया। जहां से वह जेल भेज दिया गया था। बताया कि आबकारी नियमों के मुुताबिक जेल में निरुद्घ व्यक्ति लाइसेंसी नहीं हो सकता है। इसलिए राम प्रकाश वर्मा के नाम बाबागंज बाजार में स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान को आबकारी निरीक्षक राम कुमार यादव की टीम ने गुरुवार देर शाम पहुंचकर सील कर दिया है। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि लाइसेंसी रामप्रकाश वर्मा के प्रतिनिधि को कार्यवाही का हवाला देते हुए नोटिस भी रिसीव कराकर जवाब तलब किया गया है। नोटिस का जवाब मिलने के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।

