गोण्डा। धृतराष्ट्र बने विद्युत विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की वजह से लगभग 400 उपभोक्ताओं को साल भर से दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों की अगर मानें, तो लो-वोल्टेज व अघोषित बिजली कटौती से लोगों को दो चार होना पड़ रहा है। लाख शिकायतों के बावजूद विभागीय अधिकारियों के कान में जूं तक नहीं रेंग रहे। थक हार कर ग्रामीणों ने विभागीय उच्चाधिकारियों से समस्या निस्तारण के लिए गुहार लगाई है। मामला इटियाथोक विद्युत उपखंड क्षेत्र अंतर्गत गांव धर्मेई से जुड़ा है। गांव के ननके, मसीउल्ला, नाजिम अली, अजमत, राजू आज का कहना है कि 100 केवीए ट्रांसफार्मर के बलबूते 400 विद्युत कनेक्शनधारियों को बिजली सप्लाई की जा रही है, जिसमें एक नलकूप भी शामिल है। भारी ओवरलोड के चलते आए दिन ट्रांसफार्मर जल जाता है जिससे गांव की विद्युत आपूर्ति सुचारू रूप से नहीं चल पा रही है। स्थानीय अधिकारियों व कर्मचारियों से शिकायत के बावजूद अभी तक समस्या का समाधान नहीं किया गया। इस उमस भरी गर्मी में ग्रामीणों का बुरा हाल है।

