-विद्युत विभाग के जे.ई. को बचाने हेतु की जा रही हीलाहवाली
गोण्डा। एक ही परिसर में पूर्व से लगे पुराने मीटर को बदलकर नया मीटर लगाने वाले व करीब 200 मीटर से अधिक लम्बी केबिल के सहारे कनेक्शन देने के क्रम में दिनांक 02.04.2021 को एक दैनिक समाचार पत्र में प्रमुखता से प्रकाशित खबर पर तीन सदस्यीय टीम द्वारा स्थलीय जांच कर करीब 10 दिन पहले जांच रिपोर्ट अधिशाषी अभियन्ता वेंकटरमन के समक्ष प्रस्तुत किए जाने के बावजूद आज तक कार्यवाही न होने से कई तरह के प्रश्न खड़े हो रहे हैं। मामला विकास खंड झंझरी अन्तर्गत ग्राम पूरे शिवा बख्तावर से जुड़ा है जहां के निवासी एक उपभोक्ता के नाम से दिनांक 27.08.2018 को विद्युत संयोजन संख्या-156319, आई0डी0 संख्या-7692464904 जारी करके मीटर लगाए जाने के बाद विद्युत संयोजन सुचारू रूप से क्रियान्वित हो रहा था परन्तु 27.08.2018 से दिनांक 08.09.2020 तक विभाग द्वारा विद्युत बिल नही बनाया गया। दिनांक-09.09.2020 को उपभोक्ता का विद्युत बिल अवर अभियन्ता पूरे शिवा बख्तावर द्वारा निर्गत किया गया तथा दिनांक-07.11.2020 को उक्त उपभोक्ता का विद्युत बिल 76,911 रूपये था। आरोप है कि अवर अभियन्ता अजीत कुमार द्वारा उपभोक्ता से अनियमित लाभ लेकर विभाग को भारी क्षति पहुंचाते हुये उक्त विद्युत संयोजन के क्रम में लगे मीटर को हटाकर नया विद्युत संयोजन उसी परिसर में झटपट योजना के तहत उक्त उपभोक्ता के पुत्र के नाम जारी करते हुए दिनांक 17.11.2020 को 408 रुपए का विद्युत बिल बना दिया गया। इतना ही नही एक ही परिसर पर दो संयोजन जारी किए गए तथा पुराना मीटर जिसमें 11539-यूनिट रीडिंग थी जिसको परिसर से हटाकर नया मीटर लगा दिया गया परंतु पूर्व में लगे हुए मीटर को कहां रखा गया, किसके सुपुर्द किया गया जो जांच का विषय है। मामले पर मुख्य अभियंता इं. वी.सी.सिंह गौतम का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर शीघ्र ही कार्यवाही की जाएगी।

