गोण्डा। जनपद के कोतवाली देहात के एक गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पक्ष गुरुवार सुबह आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट भी हुई। इस दौरान चली गोली से एक युवक घायल हो गया। गोली युवक के पेट में लगी है। आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल लाया गया जहां से लखनऊ के लिए रेफर कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है। मामला कोतवाली देहात के रामनगर तरहर के मजरा मेड़ईपुरवा से जुड़ा हुआ है। बताया जाता है कि गुरुवार सुबह भूमि विवाद को लेकर गांव के ही दो पक्ष भिड़ गए। मारपीट में पहले पक्ष से राजकुमारी पत्नी सत्यनरायन, संजय पुत्र सत्यनरायन को चोटें आईं। वहीं दूसरे पक्ष से गायत्री देवी पत्नी केसरी नन्दन, संदीप कुमार पुत्र केसरी नन्दन व केसरी नन्दन घायल हुए हैं। इसी दौरान चली गोली रवीश ओझा पुत्र सत्यनरायन ओझा के पेट में जा लगी। गोली लगते ही लोग रवीश को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जिला अस्पताल में हालत गंभीर देखकर चिकित्सकों ने उसे लखनऊ मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया है। घायल युवक के भाई सुनील ओझा का आरोप है कि आरोपियों से पहले भूमि विवाद चल रहा था।

