गोण्डा। रेलवे के ई-टिकटों की कालाबाजारी करने वालों के विरुद्ध चल रहे अभियान में आरपीएफ को मनकापुर में एक और सफलता मिली है। मंगलवार शाम कस्बे की एक दुकान से दो आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है। उनके पास से बड़ी मात्रा में सहायक उपकरण, फर्जी आईडी, नकदी और रेल टिकट भी बरामद किए गए हैं।
मनकापुर रेलवे सुरक्षा बल के प्रभारी निरीक्षक दशरथ प्रसाद ने बताया कि उन्हें किसी ने सूचना दी थी कि आजादनगर मनकापुर बाजार स्थित मॉडर्न ट्रेवेल्स नाम की दुकान से ई रेलवे टिकट बेचने का अवैध धंधा संचालित हो रहा है। उन्होंने सहायक उपनिरीक्षक लक्ष्मीशंकर यादव, कांस्टेबल विद्या रत्न मिश्रा, अजय कुमार व अन्य के साथ मौके पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान दुकान संचालक रफीनगर निवासी मोहम्मद तैयब हाशमी और हबीबुर्रहमान दोनों पुत्र इकबाल अहमद को रंगे हाथ संलिप्त पाया गया। उनके पास से तीन फर्जी यूजर आईडी, 68 हजार कीमत के 113 ई-टिकट और नकदी मिली। दुकान से लैपटॉप, प्रिंटर, स्कैनर, मोबाइल समेत कई सहायक सामग्री भी मिली। रेलवे पुलिस से दोनों ने कबूला की वे ऐसे टिकट बनाकर ऊंची कीमतों में जरूरतमंदों को बेचने का धंधा करते थे। दोनों आरोपियों पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर न्यायालय भेज दिया गया है। मामले की जांच उप निरीक्षक सुरेश प्रसाद को सौंपी गई है।

