-12 वर्ष से कम आयु के बच्चों के माता-पिता को किया जाएगा प्रतिरक्षित
-दो केंद्रों जिला चिकित्सालय के आयुष विंग और अर्बन पीएचसी बरियारपुरवा को किया गया चिन्हित, हर दिन 100 अभिभावकों को टीका लगाने का लक्ष्य
गोण्डा। वैश्विक कोरोना महामारी से सूबे को सुरक्षित करने रखने हेतु सरकार प्रतिबद्ध है। शासन द्वारा इसको लेकर निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं। इसी क्रम में प्रदेश सरकार के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा एक अभिनव पहल की शुरुआत की गई है । इसके तहत 12 वर्ष से कम आयु वर्ग के छोटे बच्चों के माता-पिता की सुरक्षा हेतु मंगलवार 01 जून 2021 से अभिभावक स्पेशल कोविड टीकाकरण सत्र आयोजित किये जायेंगे। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ देवराज चैधरी ने बताया कि उक्त आयु वर्ग के टीकाकरण हेतु जनपद में दो स्थानों जिला चिकित्सालय के आयुष विंग और शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरियारपुरवा को सत्र स्थल चिन्हित किया गया है, जहाँ हर दिन कम से कम 100 अभिभावकों को टीका लगाए जाने की योजना विभाग द्वारा बनाई गई है। इन टीकाकरण सत्र स्थलों पर केवल 12 वर्ष से कम आयु के बच्चों के माता-पिता का ही टीकाकरण किया जाएगा। ऐसे अभिभावक या अन्य लाभार्थी जो 12 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के माता-पिता नहीं है, उनको प्रवेश द्वार से वापस लौटा दिया जाए।
-ऐसे होगा टीकाकरण
टीकाकरण से पूर्व लाभार्थियों के पंजीकरण के बारे में जानकारी देते हुए जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया कि कोविन पोर्टल पर 12 वर्ष से कम आयु के माता-पिता अपना आनलाइन पंजीकरण अभिभावक स्पेशल सत्रों के लिए कराकर निर्धारित तिथि/सत्र पर टीकाकरण कराने के लिए पहुंचेंगे। टीकाकरण के समय अभिभावक को अपने बच्चे की उम्र 12 वर्ष से कम होने का प्रमाण आधार कार्डजन्म प्रमाण पत्र/स्कूल आईईडी कार्ड पत्र प्रस्तुत करना होगा। प्रत्येक सत्र पर प्रवेश द्वार पर एक गार्ड या सुरक्षाकर्मी द्वारा अभिभावकों के बच्चों के प्रमाण पत्र का सत्यापन करने के बाद ही उन्हें स्थल पर प्रवेश की अनुमति प्रदान की जाएगी।

