गोण्डा । जिले की चर्चित भूमि घोटाले में सोमवार को जेल गए आरोपी की मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितयो में जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पेट में दर्द और सांस लेने की शिकायत पर उसे मंगलवार तड़के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दो घंटे चले इलाज के बाद उसने सुबह करीब सवा सात बजे दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी पर पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। दोपहर बाद सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम और नगर कोतवाली पुलिस के साथ जेल में पहुंचकर भी जांच-पड़ताल की। बताया जा रहा है कि बंदी की मौत की जांच मजिस्ट्रेट से कराई जाएगी।
भूमि घोटाले के मास्टर माइंड अधिवक्ता बृजेश कुमार अवस्थी की गिरफ्तारी के 18 दिन बाद पुलिस ने जालसाजी के बीस मुकदमों में आरोपी परसपुर मौजा खैरा के ग्राम वृंदावन निवासी सालिकराम सिंह पुत्र शिवदयाल सिंह को सोमवार को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने सोमवार शाम 5.25 पर जेल में उसकी आमद कराई। जेल में पहुंचने के कुछ ही घंटो बाद उसकी तबीयत खराब हो गई।
पहली बार ढाई बजे खराब हुई तबीयत रू जेलर एसके त्रिपाठी ने बताया कि पहली बार उसकी तबियत करीब ढाई बजे खराब हुई। दवा दी गईं कुछ आराम मिला लेकिन साढ़े चार बजे के करीब पेट का दर्द बढ़ गया और सांस लेने में भी दिक्कत होनी लगी। लगभग 5.20 पर उसे जेल से जिला अस्पताल के लिए रवाना कर दिया गया। जिला अस्पताल में दो घंटे चले इलाज के बाद उसने दम तोड़ दिया।
भाई ने पुलिस पर मढ़ा आरोप रू मृतक के भाई सूर्य बख्श सिंह ने पुलिस पर गंभीर आरोप मढ़े हैं। उसने कहा कि पुलिस ने नियम-कानून को ताक पर रखते हुए उसके परिवार के साथ अन्याय किया है। तीन दिन पहले पुलिस एसटीएफ के जवानों ने उनके भाई सालिकराम को तेलबारी गांव रामनगर जिला बाराबंकी से दामाद के घर से पकड़ ले गई थी। जबकि पुलिस इस मामले में गिरफ्तारी अंबेडकर चौराहा बता रही है। आज तीन दिन बाद सुबह उन्हें सूचना मिली कि सालिकराम की तबीयत ज्यादा खराब है। जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बोली बेटी - पिता को नहीं थी कोई बीमारीरूरू बेटी गुड्डी सिंह ने बताया कि उसके पिता को कोई बीमारी नहीं थी। रविवार दोपहर के समय सादे कपड़ों में दो लोग आए और उन्हें साथ लेकर चल दिए। पिता को क्यों लेकर जा रहे हो, पूछने पर कुछ नही बताया। उसके देवर विनय सिंह ने फोन कर जानकारी करने का प्रयास किया लेकिन जो लोग लेकर गए थे उन लोगों ने फोन बंद कर दिया। सोमवार को मीडिया में चल रही खबरों से पता चला कि पुलिस ने उसके पिता को गिरफ्तार किया है।

