गोण्डा। आशा कर्मचारी यूनियन सीटू की जिला इकाई ने बुधवार को धरना प्रदर्शन कर सीएमओ को 5 सूत्रीय मांग पत्र भेजा। ज्ञापन में प्रमुख रुप से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रसूता के भोजन चाय नाश्ता के नाम पर हो रही लूट की जांच, जनपद भर में बने उप केंद्रों की साज सज्जा के अभाव में संचालन की बदतर स्थिति की जांच कराने की मांग की गई है। ज्ञापन में आशा व आशा संगिनी को कार्य के उपरांत सभी बिंदुओं पर नियमित भुगतान और जिला महिला चिकित्सालय सहित सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर लाभार्थियों के लिए अल्ट्रासाउंड एक्सरे की व्यवस्था करने के अतिरिक्त जांच व बाहरी दवा खरीद पर रोक लगाने की मांग की गई है। प्रतिमाह आशा शिकायत निवारण समिति की बैठक में आशा कर्मचारी यूनियन सीटू के प्रतिनिधियों को भी शामिल किया जाए। ज्ञापन देने वालों में आशा कर्मचारी यूनियन के संरक्षक दिलीप शुक्ला जिला अध्यक्ष संतोषी देवी शामिल रही।

