गोण्डा। नगर पालिका परिषद में जलभराव से व्यापारियों व आम लोगों को हुए नुकसान, शहर के तालाबों व नालों पर अतिक्रमण, विद्युत समस्याओं से नागरिकों को हो रही दुश्वारियां एवं अन्य नागरिक समस्याओं को दूर करने के लिए जन समस्या निवारण मंच के प्रदेश महामंत्री मोहम्मद उमर उर्फ समीर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को सिटी मजिस्ट्रेट अर्पित गुप्ता को ज्ञापन सौंपा है।
मुख्यमंत्री को संबोधित सात सूत्रीय मांग पत्र में कहा गया है कि गत दिवस हुए भारी बरसात से व्यापारियों व आम लोगों का जल भराव से भारी नुकसान हुआ है। गोंडा शहर के पालिका क्षेत्र में दबंगों ने तालाब व नालों पर अवैध कब्जा कर लिया है जिससे बरसात व नालियों के पानी का निकास बाधित हो गया है। मोहल्ला सुभाष नगर स्थित काशीराम कॉलोनी में समुचित साफ-सफाई न होने से गन्दगी से नालियां पट गई हैं। शहर में अवैध कब्जा कर दुकान खुलने से आवागमन में दिक्कत बढ़ गई है। शहर में विद्युतकर्मियों की लापरवाही से विद्युत आपूर्ति बाधित है। मांग पत्र में शहर की समस्याओं को दूर करने के लिए सीवर लाइन व रिंग रोड का निर्माण करने रेलवे मस्जिद व मनसा दे
वी मंदिर जाने वाले मार्ग की इंटरलॉकिंग कराने की मांग के साथ ही अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग की गई है। मांग पत्र सौंपने वालों में मो. उमर के साथ मंच के जिलाध्यक्ष मोहम्मद कयूम व पदाधिकारी रईस सज्जन, मोहम्मद वसीम, अब्दुल नासिर, उमा देवी, शाहिद अली, एवं इजराइल शामिल रहे।
