कर्नलगंज-गोण्डा। जल निकासी की समस्या को लेकर एक गांव के करीब 6 दर्जन ग्रामीणों ने तालाब में बांधे गए बंधे को कटवाने एवं जल निकासी की समस्या का समाधान कराने के लिए जिलाधिकारी को मांग पत्र देकर मांग की है। मामला करनैलगंज तहसील के ग्राम कौड़हा जगदीशपुर से संबंधित है। यहां के ग्रामीणों का कहना है कि ग्रामीणों के खाते की भूमि बरसात के दिनों में जलमग्न हो जाती है और गांव के बाहर बने तालाब का मत्स्य पालन के लिए पट्टा आवंटित कर दिया गया है। जिस पर पट्टा धारक में तालाब में बांध बना दिया गया है। बंधा बन जाने से खेतों से जल निकासी की समस्या पैदा हो गई है। खेतों में जलभराव से फसलें तबाह हो जाएंगी, ग्राम वासियों ने कहा है कि ग्रामीणों का खेती ही एक मात्र सहारा है और यदि फसल पूरी तरह जलमग्न होती है तो फसल बर्बाद हो जाएगी। ग्रामीणों ने तालाब के बंधे को कटवाए जाने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में रवि प्रताप सिंह, उदय राज, हरकेश कुमार, राम नारायण सिंह, फतेह सिंह, रामफेर, छेदीलाल, बेचूलाल, अर्जुन कुमार, गंगा प्रसाद, दयाराम, दिनेश कुमार सहित करीब 6 दर्जन ग्रामीणों ने यह मांग पत्र जिलाधिकारी को दिया है। एसडीएम हीरालाल ने बताया कि मौके पर जांच के लिए नायब तहसीलदार को भेजा गया था। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित प्रकरण में कार्रवाई की जाएगी।

