गोण्डा। जनपद में एक और सीओ सर्किल का सृजन किया गया है। जिससे अब जिले में चार के स्थान पर पांच सीओ सर्किल हो गया है। इसके लिए एसपी संतोष कुमार मिश्र ने नये सिरे सर्किल का गठन कर दिया है और थाना क्षेत्रों का सर्किल वार विभाजन भी कर दिया है। एसपी संतोष मिश्र ने बताया कि जिले में एक नये सीओ सर्किल क्षेत्र के गठन का प्रस्ताव उत्तर प्रदेश इलाहाबाद पुलिस मुख्यालय को भेजा गया था। जिस पर अपनी संस्तुति कर पुलिस महानिदेशक को भेज दिया था। उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय के वित्त नियंत्रक की सहमति व पुलिस महानिदेशक के अनुमोदन होने के बाद अपर मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश शासन को अग्रसारित किया गया था। अपर मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश शासन गृह व पुलिस सेवाएं के निर्देश के क्रम मे जिले में एक अतिरिक्त सीओ सर्किल का पद सृजित किया गया है। बताया कि आदेश के क्रम में नये सीओ सर्किल नगर का गठन कर सर्किल क्षेत्र में थानों का बंटवारा कर दिया गया है।
यह थाने इन सर्किल में: नवसृजित सीओ सर्किल नगर में कोतवाली नगर व देहात, महिला थाना व खरगूपुर थाना शामिल किया गया है। सीओ सदर सर्किल में इटियाथोक, धानेपुर व मोतीगंज थाने को रखा गया है। मनकापुर सर्किल में कोतवाली मनकापुर, थाना खोड़ारे व छपिया शामिल किया गया है। करनैलगंज सर्किल में करनैलगंज, परसपुर, कटराबाजार व कौड़िया थाना शामिल किया गया है। तरबगंज सर्किल में तरबगंज, नबाबगंज, वजीरगंज व उमरीबेगमगंज थाना शामिल किया गया है।

