घर के ऊपर से गुजरी विद्युत लाइन से बालिका के झुलस कर घायल होने पर भी नहीं चेते विभागीय अधिकारी कर्नलगंज
कर्नलगंज -गोण्डा । तहसील क्षेत्र कर्नलगंज के ग्राम काशीपुर (नैनुवा जगन्नाथ पुर) के मरजादपुरवा में विद्युत विभाग की लापरवाही और सरासर अनदेखी के चलते एक ग्रामीण के घर के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन को ना हटवाये जाने से बीते दिनों एक बालिका झुलस कर घायल हो गई। जिसके बाद भी विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों के ना चेतने से गांव की एक महिला ने अधिशाषी अभियंता विद्युत विभाग कर्नलगंज गोंडा को प्रार्थनापत्र देकर घर के ऊपर से उक्त विद्युत लाइन को हटवाने एवं जानमाल की सुरक्षा हेतु विभागीय कार्यवाही सुनिश्चित करने की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रकरण क्षेत्र कर्नलगंज के ग्राम काशीपुर,(नैनुवा जगन्नाथ पुर) के मरजादपुरवा का है।यहां की निवासिनी महिला अशोक कुमारी पत्नी प्रेम शंकर ने अधिशाषी अभियंता को दिये गये पत्र में कहा है कि प्रार्थिनी के मकान के ऊपर से विद्युत लाइन का तार गया है जो मकान में अर्थिंग ले रहा है। जिससे एक लड़की जिसका नाम रुची है वह झुलस गई,जबकि दो अन्य लोगों रामप्रकाश तथा सुनीता देवी पत्नी देवीप्रसाद का मकान पड़ रहा है। उक्त विद्युत लाइन से हर समय जानमाल का खतरा बना रहता है इसलिए उक्त लोगों के घर के ऊपर से विद्युत लाईन हटाकर सामने से लाईन बनवाने/खिंचवाने की आवश्यकता है। गंभीर समस्या से त्रस्त होकर महिला ने अधिशाषी अभियंता से निवेदन कर जानमाल की सुरक्षा हेतु घर के ऊपर से उक्त विद्युत लाइन को हटवाने की मांग की है।

