गोण्डा । जनपद के तरबगंज थाना क्षेत्र के रगडगंज में घर के छत से फिसलकर जमीन पर गिरकर गंभीर घायल हुए शिक्षक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है। ग्राम पंचायत खड़ौरा निवासी शिक्षक मनीष कुमार उपाध्याय पुत्र अनिल कुमार उपाध्याय रगड़गंज कस्बे के परसपुर रोड पर अपने परिवार के साथ मकान बनाकर रहते हैं। रविवार दोपहर जब वह छत पर सीढियां चढ़कर जा रहे थे तभी उनका पैर फिसल गया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिवारीजन घायल शिक्षक को सीएचसी बेलसर लेकर पहुंचे जहां हालात गंभीर होने पर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिवारीजन ने जिला मुख्यालय स्थित एक प्राइवेट नर्सिंगहोम में घायल शिक्षक को भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान शिक्षक की मौत हो गई। परिवार के सदस्य नानबाबू उपाध्याय ने बताया कि मृत शिक्षक इलाहाबाद विश्विद्यालय के स्कॉलर रहे हैं। इलाकाई क्रिकेट में स्पीड स्टार के रूप में भी उनकी अलग पहचान रही है। अभी हाल ही में मनीष का तबादला लखीमपुर जनपद से गोण्डा में हुआ था। अभी वह बीएसए कार्यालय से सम्बद्ध चल रहे थे।

