गोण्डा। जनपद के परसपुर थाना क्षेत्र के परसपुर- रगड़गंज मार्ग पर शनिवार देर रात ग्राम डेहरास स्थित एक पेट्रोल पम्प के पास सड़क दुर्घटना में घायल हुए दो बाइक पर सवार तीन युवकों में बस्ती के एक युवक की जिला अस्पताल में मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल दो युवकों का उपचार चल रहा है। बाइक अनियंत्रित होकर एक के बाद एक टकरा गई। जिसके बाद स्वास्थ्य सेवा की एम्बुलेंस और ग्रामीणों की मदद से गंभीर रूप से घायल हुए तीन लोगों को परसपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की हालत नाजुक देखते हुए डाक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। हादसे में घायल हुए जिला बस्ती ग्राम नेटवर पट्टी निवासी विवेक सिंह पुत्र वीरेन्द्र सिंह की उपचार के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई। इसी गांव के निवासी अखिलेश सिंह पुत्र नरेंद्र बहादुर सिंह व डेहरास निवासी कुलदीप पुत्र लालता प्रसाद का उपचार चल रहा है। जिला अस्पताल के डॉ. जीतेन्द्र पाण्डेय ने बताया अधिक चोट लग जाने से विवेक की मौत हो गई है।

