गोण्डा। जनपद के धानेपुर थाना क्षेत्र के परसिया पंडित गांव में रास्ते के किनारे एक विशालकाय पीपल का पुराना पेड़ है। इस बार हुई भारी बारिश से उसकी जड़े हिल गई थी लेकिन इस ओर किसी ने ध्यान नहीं दिया। शनिवार देर रात हादसे की वजह बन गया। बताया जाता है कि शनिवार देर रात इलाके में जोरदार बारिश होने लगी। गांव के ही रहने वाले कन्हैया लाल उर्फ कंधई व उनकी पत्नी रानी सारंगा खाना खाने के बाद गांव के बाहर खेत की रखवाली करने के लिए इसी रास्ते से निकल रहे थे कि तभी अचानक पीपल का पेड़ गिर गया जिसके चपेट में आने से पति-पत्नी दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हे आनन-फानन में ग्रामीणों ने पेड़ के नीचे से निकालकर उपचार के लिए ले जा रहे थे। रास्ते में ही पत्नी रानी सांरगा ने दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल कन्हैया लाल का उपचार जिला मुख्यालय स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। थानाध्यक्ष शेषमणि पांडेय ने बताया कि महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। हल्का लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया है। ग्राम प्रधान इंद्रसेन पाठक ने बताया कि घटना के संबंध में प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना दी गई है और पीड़ित परिवार की मदद कराई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

