गोण्डा। जनपद के परसपुर थाना क्षेत्र के पंचायत आटा के वैशन पुरवा गांव में बुधवार दोपहर घर में फर्राटा पंखा घुमाते समय करंट लगने से अनिल जायसवाल व पत्नी सुमित्रा देवी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदय विदारक घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। एसडीएम हीरालाल यादव ने बताया कि यह दैवी आपदा के श्रेणी में नहीं है, यदि मृतक के नाम खतौनी है तो सरकार किसान दुर्घटना के अन्तर्गत प्रत्येक व्यक्ति को पांच लाख रुपए सहायता के रुप में प्रदान करेगी।
खोमचा व्यवसाई अनिल जायसवाल घर में चल रहा फर्राटा पंखा घुमाने लगा इसी दौरान अचानक पंखे में उतरे करंट से वह चिपट गया। बच्चों के शोर मचाने पर घर में भोजन पका रही पत्नी सुमित्रा देवी जब पति को छुड़ाने दौड़ी तो वह भी करंट के चपेट आ गई। इस हादसे में पति-पत्नी दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बच्चों के शोर मचाने पर पास पड़ोस के लोगों ने वहां पहुंच कर डंडे के सहारे पंखे के तार को किसी तरह हटाया तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।

