-खोड़ारे क्षेत्र में परिजनों और ग्रामीणों की सहमति से जिगरिया मंदिर में हुई शादी, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
गोण्डा। जिले के खोड़ारे थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग का एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां ग्रामीणों ने विवाद की जगह समझदारी का परिचय देते हुए प्रेमी युगल की शादी करा दी। यह अनोखी पहल अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत औसनी बुजुर्ग की रहने वाली नैंसी और पिपरा बाराखा निवासी इंग्लेश के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। शुक्रवार को ग्रामीणों ने दोनों को एक साथ देख लिया। इसके बाद दोनों पक्षों के परिजनों और ग्रामीणों के बीच बातचीत हुई। काफी देर तक चली चर्चा के बाद आपसी सहमति से दोनों का विवाह कराने का निर्णय लिया गया।
निर्धारित फैसले के अनुसार प्रेमी युगल को जिगरिया मंदिर ले जाया गया, जहां पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाजों के साथ दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और सात फेरे लेकर वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत की। इस अवसर पर दोनों परिवारों के सदस्य, ग्रामीण और अन्य लोग भी मौजूद रहे तथा नवदंपति को शुभकामनाएं दीं।
इस अनोखी शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों परिवारों की सहमति से संपन्न हुए इस विवाह की पूरे क्षेत्र में खूब चर्चा हो रही है।

