गोण्डा। चौरी -चौरा कांड की शताब्दी एवं आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम के अन्तर्गत संस्कृति विभाग उ. प्र. के तत्वावधान में शुक्रवार की सायं छह बजे कोविड-19 के दृष्टिगत आनलाइन सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के तहसील तरबगंज के ग्राम जमथा निवासी प्रख्यात अवधी लोक गायक की प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को संगीत रस से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम का शुभारम्भ शिव की नगरी वाराणसी के लोकगायक गणेश पाठक ने शिव वंदना से किया और फिर सावन के साथ लोक परम्परा के गीत से रंग जमाया। दूसरी प्रस्तुति में लखनऊ की शिखा भदौरिया ने सावन झूला व विदेसिया के विरह भाव की आकर्षक प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के समापन पर अवधी की सुगंध अन्तरराष्ट्रीय क्षितिज पर बिखेरने वाले शिव पूजन शुक्ल ने सावन गीतों में झूला कजरी गीतों के साथ पारम्परिक व सामयिक गीत से श्रोताओं को मुग्ध क्य दिया। कार्यक्रम का समापन करते हुए संस्कृति विभाग के उपनिदेशक प्रभाकर जौहरी ने अमृत महोत्सव की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए सभी दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

