गोण्डा। स्थानीय सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज मालवीय नगर के सरस्वती सभागार में विद्या भारती विद्यालय के कार्यकर्ताओं ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर योगाभ्यास किया। उपस्थित जनों को योगाचार्य माधवाधर दुबे एवं शशि दुबे ने योगाभ्यास कराया। कार्यक्रम का उद्घाटन माँ सरस्वती एवं भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर संकुल प्रमुख प्रधानाचार्य काली प्रसाद मिश्र एवं वरिष्ठ आचार्य प्रेमचंद्र मिश्र ने किया। इस अवसर पर उपस्थित जनों का मार्गदर्शन करते हुए प्रधानाचार्य काली प्रसाद मिश्र ने कहा कि योग से शारीरिक व्याधियों के अलावा मानसिक समस्याओं से भी छुटकारा पाया जा सकता है, योग मात्र व्यायाम नहीं एक जीवन शैली है। योगाभ्यास के दौरान विभिन्न आसन, प्राणायाम, सूर्य नमस्कार के विभिन्न मुद्राओं का अभ्यास आचार्यो द्वारा किया गया।कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के सभी आचार्य ,कर्मचारी उपस्थित रहे।

