-रिजर्व पुलिस लाइन में योग शिविर का आयोजन
गोण्डा। सातवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सोमवार को रिजर्व पुलिस लाइन में पुलिस महानिरीक्षक देवीपाटन परिक्षेत्र गोंडा डॉ राकेश सिंह के नेतृत्व में योगाभ्यास का आयोजन किया गया । योगाचार्य सुधांशु द्विवेदी, योग प्रशिक्षक आदित्य प्रताप सिंह,आदर्श गुप्ता एवं आशीष गुप्ता द्वारा उपस्थित पुलिस बल को योग का प्रशिक्षण दिया गया। आईजी डॉ राकेश सिंह ने कहा कि योग जीवन जीने का मार्ग है। उन्होंने कहा कि आज भारतीयों से अधिक विदेशियों ने योग को अपना लिया है। इसे हर उम्र के लोगों को सीखना चाहिए। नई उम्र के बच्चों को जरूर करना चाहिए। उन्होंने कहा कि योग हमें संतुलित जीवन शैली सिखाता है। उन्होंने कहा कि पुलिस लाइन में पूरे साल योग शिविर चलता है। इसमें कोई भी आकर योगाभ्यास कर सकता है। पुलिस महानिरीक्षक व एक सेवा क्लब की संस्थापक साक्षी अरोरा और क्लब की सदस्यों द्वारा योगाभ्यास के बाद वृक्षारोपण कर लोगों से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरुक किया गया। समस्त योगाभ्यास कार्यक्रमों का लाइव प्रसारण योगाचार्य सुधांशु द्विवेदी के ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम अकाउंट से किया गया। जिसको देखकर देवीपाटन मंडल के हजारों लोगों व जनपद के समस्त थानों द्वारा अपने थाना परिसर में ही योगाभ्यास किया गया। इस अवसर पर योगाचार्य सुधांशु द्विवेदी ने सभी जनपद के समस्त थानों से आए हुए पुलिस कर्मियों तथा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट्स आरक्षियों को लाइव वेबीनार के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस प्रोटोकॉल का अभ्यास करवाया गया। इस अवसर पर योगाचार्य सुधांशु द्विवेदी ने जय महल मैरिज लॉन में भी श्री स्वामी नारायण अंत्योदय सेवा संस्थान अध्यक्ष अभय श्रीवास्तव के साथ संस्थान के सभी कार्यकर्ताओं को एक साथ योगाभ्यास करवाया। योगाचार्य श्री द्विवेदी के निर्देशन में योग प्रशिक्षक अनिल भट्ट ने रेलवे सुरक्षा बल के प्रभारी प्रवीण कुमार सहित समस्त जवानों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के प्रोटोकॉल का अभ्यास करवाया।

