गोण्डा। जनपद के इटिंयाथोक थाना क्षेत्र के कुरसहा गांव में रविवार देर रात सोते समय सांप ने मामी-भांजे को डंस लिया। जिससे दोनों की मौत हो गई। सोमवार की सुबह मामी-भांजे की अर्थी एक साथ निकली तो पूरे गांव में मातम छा गया। मामला जनपद के इटियाथोक थाना क्षेत्र के कुरसहा गांव के रहने वाले राजेश तिवारी की पत्नी वंदना तिवारी और राजेश के भांजे दिव्यांशु पुत्र रवि शुक्ला निवासी बहराइच जनपद के रघुराम पुरवा विशेश्वरगंज को सोते समय जहरीले सांप ने एक साथ काट लिया। जिससे दोनो की मौत हो गई। वंदना के भाई दीनदयाल शुक्ला निवासी पथवलिया ने बताया कि उसकी बड़ी बहन वंदना और उसके बहनोई का भांजा दिव्यांशु सहित चार लोग घर में एक कमरे पर डबल बेड पर सो रहे थे। रात तकरीबन एक बजे के आस-पास जहरीले सांप ने पहले भांजे दिव्यांशु को काट लिया। नींद में होने की वजह से जानकारी नहीं हो पाई। इसके थोड़ी देर बाद ही सांप ने वंदना को भी काट लिया। जब वंदना को लगा कि किसी ने काट लिया है तो उसने बगल में सो रहे लोगों को जगाया। थोड़ी देर के बाद ही तबियत खराब होने लगीं। बेड पर सो रहे दिव्यांशु को जगाने का प्रयास किया गया। मगर वह नहीं उठा। शंका होने पर तकिया को हटाया गया तो सांप उसी के नीचे छिपा था। दोनों को पहले वहीं पर झाड़ फूंक कराया गया। आराम नहीं मिला तो शहर एक निजी नर्सिंग होम में लाया गया। थोड़ी देर इलाज चलने के बाद दोनों की मौत हो गई। मामी-भांजे की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। सोमवार को दोनों की अर्थी एक साथ उठी तो पूरे क्षेत्र में मातम छा गया।

