-अधिकारी ने बैठक के बीच लगाई कड़ी फटकार, तीन अन्य जवानों को भी चेतावनी।
गोण्डा। गोंडा जंक्शन पर स्वतंत्रता दिवस की सुरक्षा तैयारियों को लेकर गत गुरुवार शाम आयोजित आरपीएफ के सुरक्षा सम्मेलन में अनुशासनहीनता का मामला सामने आया। बैठक के दौरान गुटखा चबा रहे आरपीएफ सिपाही ब्रह्मदेव द्विवेदी पर अधिकारी की नजर पड़ते ही हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
सुरक्षा सम्मेलन में लखनऊ डिवीजन के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त अरुण त्रिपाठी जवानों को स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रेलवे स्टेशन, ट्रेनों और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर सिपाही ब्रह्मदेव द्विवेदी पर गई, जो बैठक के बीच गुटखा चबा रहा था। अधिकारी ने बैठक के दौरान ही सिपाही को कड़ी फटकार लगाई और इसे ड्यूटी के दौरान गंभीर अनुशासनहीनता माना।
अधिकारी के निर्देश पर विभागीय स्तर पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। वहीं, सम्मेलन के दौरान अनुशासन और सतर्कता में कमी पाए जाने पर तीन अन्य जवानों को भी सख्त चेतावनी दी गई।
आरपीएफ की कार्रवाई से जवानों में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था जैसे संवेदनशील दायित्व में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
आरपीएफ गोंडा पोस्ट के निरीक्षक अनिरुद्ध राय ने सिपाही के निलंबन की पुष्टि की है।

