-डीआईजी देवीपाटन मंडल ने मैजापुर चीनी मिल में किया पौधरोपण।
गोण्डा। मैजापुर चीनी मिल परिसर में गुरुवार को देवीपाटन मंडल के डीआईजी अशोक कुमार शुक्ल ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने कहा, "वृक्ष हमारे संरक्षक हैं, इनके बिना जीवन दुर्लभ है। मैं स्वयं हर वर्ष 100 पौधे लगाता हूं।" साथ ही लोगों से पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल का भी संकल्प लेने की अपील की।
चीनी मिल के प्रशासनिक अधिकारी सौरभ गुप्त ने बताया कि इस वर्ष मिल परिसर और आसपास के क्षेत्रों में आम, पीपल, बरगद, पाकड़ और चंदन सहित 13,200 पौधे लगाए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य हरित वातावरण विकसित करना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है।
इस अवसर पर जीएम मुकेश झुनझुनवाला, महाप्रबंधक गन्ना पीके प्रभात, सहायक महाप्रबंधक संतोष सिंह, निरीक्षक अपराध थाना कटरा बाजार मनोज कुमार रावत, चौकी प्रभारी हलधरमऊ शिवम गुप्ता सहित मिल के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

