गोण्डा। करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के नैनुवाजगन्नाथपुर गांव की एक युवती ने कुछ लोगों के खिलाफ सोशल मीडिया के जरिए उसकी और उसके परिवार की छवि धूमिल करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।
पीड़िता का आरोप है कि बीते करीब दो माह से आरोपित उसकी और उसकी बहन के नाम व फोटो का दुरुपयोग कर इंस्टाग्राम पर फर्जी अकाउंट बनाकर अश्लील पोस्ट, आपत्तिजनक ऑडियो और अन्य सामग्री प्रसारित कर रहे हैं। इससे परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है और मानसिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है।
युवती का यह भी आरोप है कि विरोध करने पर आरोपित मोबाइल फोन के माध्यम से गाली-गलौज करते हुए पूरे परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं, जिससे परिवार दहशत में है।
पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने सौरभ गोस्वामी, सूरज गोस्वामी, रोशनी, अनोखीलाल, रीता और दुर्गेश निवासी ग्राम ठकुरापुर बालपुर के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि युवती की शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

