-थाने पर नहीं सुनी गई शिकायत तो महिला ने एसपी से की फरियाद
गोण्डा। कूटरचित अभिलेख से भू-माफिया ने दलित महिला की जमीन का दूसरे के नाम बैनामा कर दिया। महिला का आरोप है कि पुलिस चौकी पर शिकायत तो नहीं सुनी गई बल्कि भू-माफिया द्वारा जान माल की धमकी दी जा रही है। मामला थाना कोतवाली देहात के अंतर्गत पूरे तिवारी का है। पूरे तिवारी गांव की दलित महिला सावित्री देवी पत्नी ओम प्रकाश ने भूमाफियाओं से तंग आकर एसपी के पास न्याय के लिए पहुंची है। महिला का आरोप है कि उसके बैनामे की भूमि को भूमाफियाओं ने कूटरचित ढंग से दूसरे को बिक्री कर दी है। दलित बुजुर्ग महिला की डेढ़ बीघा भूमि पर गांव के ही दबंग ने भूमाफियाओं से सांठगांठ कर महिला की भूमि बेच दी। जिस पर भूमाफिया उसकी भूमि पर जबरदस्ती कब्जा करने लगे। सावित्री का कहना है कि मामलें की शिकायत लेकर जब वह खोरहंसा पुलिस चौकी पहुंची तो वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे भगा दिया गया। महिला का आरोप है कि दबंग भूमाफिया उसे जान से मारने की धमकी भी दे रहे है।

